गौरतलब है उत्तरकाशी के सिल्क्यारा में निर्माणाधीन सुरंग में मलबा गिरने से 41 मजदूर उसमें फसे हुए हैं। जिन्हें निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। लेकिन आज 12 वां दिन है और राहत की बात ये है कि आज मजदूरों के बाहर आने की काफी संभावना है। 41 श्रमिक जल्द बाहर आ सकते हैं।
आज गुरूवार को प्रदेश मुखिया पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री वीके सिंह उत्तरकाशी पहुंचे। दोनों ही सुरंग के भीतर जायजा लेकर बाहर आए हैं। वहीं पीएमओ के पूर्व सलाहकार भास्कर खुल्बे का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने बताया कि अभी रेस्क्यू ऑपरेशन में 12 से 14 घंटे का समय लगने की आशंका है। जबकि दूसरी तरफ अन्य सूत्रों के हवाले से इससे पहले ही कभी भी अच्छी खबर आ सकती है।
इंटरनेशनल टनलिंग एंड अंडरग्राउंड स्पेस एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो.आर्नोल्ड डिक्स ने सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को बचाने के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की तारीफ करते हुए कहा है कि सुरंग से जुड़े हादसों में जब वह बचाव के लिए पहुंचते हैं तो ज्यादातर में अंदर फंसे लोगों की मौत हो चुकी होती है। जबकि यहां वह जिंदा है और उन्हें बाहर निकालने के लिए रात-दिन कोशिश की जा रही है।

