राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के प्रदूषण का हाल बेहाल है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने व्याप्त वायु प्रदूषण की समस्या पर चर्चा के लिए सभी मंत्रियों के साथ एक बैठक रखी है। अधिकारियों ने कहा कि बैठक दिल्ली सचिवालय में दोपहर 12:30 बजे होगी। सीपीसीबी के अनुसार,कई इलाकों का एक्यूआई 400 के पार दर्ज हुआ है। आरके पुरम का एक्यूआई 453, पंजाबी बाग का 444, आईटीओ का 441 और आनंद विहार का 432 दर्ज हुआ है।दिल्ली में वायु गुणवत्ता आज गुरुवार की सुबह ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई, दिवाली से ठीक पहले इसमें मामूली सुधार की आशंका है। मौसम संबंधी स्थितियां थोड़ी अनुकूल होने की आशंका है। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक गुरुवार सुबह आठ बजे 420 था, जबकि बुधवार शाम चार बजे यह 426 था। गाजियाबाद (369), गुरुग्राम (396), नोएडा (394), ग्रेटर नोएडा (450), और फरीदाबाद (413) में भी हवा की गुणवत्ता बहुत खराब है।दिल्ली सरकार ने स्कूलों में दिसंबर में पड़ने वाला शीतकालीन अवकाश नवंबर में ही घोषित कर दिया है। सभी स्कूलों को 9 से 18 नवंबर तक बंद रखने का आदेश दिया गया है।
जहरीली हवा को लेकर अहम बैठक आज, 9 से 18 नवंबर तक स्कूल बंद

