अनंतनाग में हुई आतंकियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए जवान अधिकारीयों के पार्थिव शरीर आज उनके पैतृक गांव और आवास पहुंच रहे हैं , देश शोक में डूबा है। इसी कड़ी में मोहाली से कर्नल मनप्रीत सिंह का अंतिम संस्कार आज दोपहर बाद उनके पैतृक गांव भड़ौजियां में किया जाएगा। कर्नल के भाई संदीप सिंह ने बताया कि उनका पार्थिव शरीर सुबह 11:30 बजे तक आने वाला है। दोपहर दो से ढाई बजे के बीच उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पार्थिव शरीर देर रात करीब 11 बजे चंडीमंदिर आर्मी कैंट पहुंचा जहां पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पार्थिव शरीर को ससम्मान कमांड हॉस्पिटल चंडीमंदिर के शवगृह में रखा गया। कमांड हॉस्पिटल से सुबह कर्नल का पार्थिव शरीर मुल्लांपुर के पास पड़ते भड़ौजियां ले जाया जाएगा। 2 सिख लाइट इन्फेंट्री के अलावा 207 एफडी रेजिमेंट के जवान पार्थिव शरीर को एस्कॉर्ट कर रहे हैं। वहीं, सेना के उच्चाधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं।

