दुबई : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की ओर से आज टी-20 विश्व कप 2021 के सभी मैचों की समय सारिणी जारी कर दी गई है। आज जारी हुए शेड्यूल के अनुसार आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप का पहला मुकाबला आगामी 17 अक्तूबर को ओमान और पपुआ न्यूगिनी के बीच होगा। इसके अलावा 17 अक्टूबर को ही दूसरा मैच बांग्लादेश और स्कॉटलैंड के बीच खेला जाएगा। जबकि भारत टी-20 विश्व कप में अपना पहला मुकाबला 24 अक्तूबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा। टी-20 विश्व कप 2021 का आयोजन पहले भारत में प्रस्तावित था, लेकिन कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के चलते भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इसे यूएई और ओमान में स्थानांतरित कर दिया। जानिए टी-20 विश्व कप 2021 के इंडियन टीम के मैच की तारीखे —
पहला मैच 24 अक्तूबर को पाकिस्तान के साथ होगा। इसके बाद टीम इंडिया 31 अक्तूबर को न्यूजीलैंड टीम के साथ मैदान में उतरेगी। तीसरा मैच 3 नवंबर को अफगानिस्तान के साथ खेला जाएगा। 5 नवंबर को टीम इण्डिया B1 के साथ उतरेगी। 8 नवंबर को A2 के साथ आखिरी मैच खेला जाएगा। आपको बतादें कि इस टी20 टूर्नामेंट में पहले दौर में आठ क्वालीफाइंग टीमें मैदान में उत्तर रही है। जिन टीमों में चार टीमें सुपर 12 में प्रवेश करेंगी। शुरुआती आठ टीमों में बांग्लादेश, श्रीलंका, आयरलैंड, नीदरलैंड्स, स्कॉटलैंड, नामीबिया, ओमान और पापुआ न्यू गिनी शामिल हैं। टी-20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला 14 नवंबर को होगा।
ख़ास बात ये है कि वर्ष 2016 के उपरान्त ये पहली बार हो रहा है कि पुरुषों के टी-20 विश्व कप का आयोजन हुआ है। इससे पहले साल 2016 में कोलकाता में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को हराया था।

