साउथ अफ्रीका के विस्फ़ोटक बल्लेबाज़ एबी डिविलियर्स ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से लिया संन्यास

जोहानिसबर्ग : क्रिकेट की दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शुमार दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स ने क्रिकेट के हर प्रारूप से संन्यास लेने की घोषणा की है , आधुनिक क्रिकेट में उन्हें मि. 360 के नाम से भी जाना जाता है, क्योंकि वह मैदान के किसी भी कोने में शॉट लगाने में माहिर है। उनके संन्यास लेने फैसले से उनके फैंस और साथी खिलाड़ियों में थोड़ी मायूसी भी है। डिविलियर्स ने ट्वीट कर अपने क्रिकेट जीवन के कई अनुभव भी साझा किये। संन्यास के साथ ही डिविलियर्स का आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर से भी करार ख़त्म हो गया।


डिविलियर्स ने ट्विटर पर जानकारी दी कि दक्षिण अफ्रीका के लिए मैंने 114 टेस्ट, 228 वनडे और 78 टी-20 मैच खेले हैं, उन्होंने यह भी कहा कि यह एक असाधारण सफर रहा है लेकिन मैने अब क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का कठिन फैसला किया है। उन्होंने कहा कि बचपन अपने बड़े भाइयों के साथ घर में खेलने से लेकर अब तक मैने खेल का पूरा लुत्फ़ उठाया है। अब 37 वर्ष की उम्र में लगता है कि शायद मेरे अंदर वह स्पार्क नहीं बची है। और अब नए युवा खिलाड़ियों कोआगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए। लेकिन मैं अब जीवन के नये अध्याय की शुरूआत करना चाहता हूं जिसमें अब अपने परिवार वालों को सबसे पहले रख सकूं। उन्होंने कहा कि मैं अपने हर साथी खिलाड़ी, कोचों, फिजियो और सभी सदस्यों को धन्यवाद देना चाहता हूं , जिन्होंने मेरे इस सफर को यादगार बनाया। डिविलियर्स ने आरसीबी और विराट कोहली को भी धन्यवाद किया और कहा कि मैं अब मैदान से बाहर बैठकर आरसीबी की हौंसला अफजाही करूँगा।