देहरादून : एसटीएफ की टीम ने पिरान कलियर दरगाह शरीफ के पूर्व लेखाकार और 25 हजार के इनामी आरोपी को धर दबोचा है जिसे रामपुर उत्तर प्रदेश से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दरगाह शरीफ में करीब 1.25 करोड़ रुपये के घोटाले के मामले में वह 17 साल से फरार था।
जिसकी धरपकड़ के लिए लगातार दबिश जारी थी। पिरान कलियर दरगाह साबिर पाक में वर्ष 2007 में जमाल खान निवासी बजोडी टोली, थाना गंज, रामपुर, उत्तरप्रदेश लेखाकार के पद पर तैनात था। उस दौरान लेखाकार ने दरगाह शरीफ में करीब 1.25 करोड़ का घोटाला किया था। मामला पता चलने के बाद दरगाह प्रशासन ने 17 जुलाई 2007 को उसके खिलाफ कोतवाली सिविल लाइंस में मुकदमा दर्ज कराया था। उस दौरान कलियर क्षेत्र सिविललाइंस कोतवाली रुड़की के अधीन था। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस तलाश में लगी रही लेकिन उसका कोई पता नहीं लग पा रहा था। जिसके बाद फरार चल रहे जमाल खान पर 25 हजार रुपये का इनाम का एलान हुआ। एसटीएफ के एसएसपी आयुष अग्रवाल ने टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। जिसके बाद देहरादून एसटीएफ की टीम उसकी तलाश में लग गई। एसटीएफ को उसकी लोकेशन जोडी टोली, थाना गंज, रामपुर, उत्तर प्रदेश में होने की मिली थी।

