देहरादून : राजधानी देहरादून में आने वाले सप्ताह में क्रिकेट के सितारों का जमावड़ा लगेगा, लेकिन पुलिस और जिला प्रशासन के पास इसकी कोई अभी तक सूचना नहीं है। आयोजकों की लापरवाही है ये कि उन्होंने स्टेडियम के जिम्मेदार लोगों को भी इसकी खबर नहीं दी है। जबकि, इतने बड़े आयोजन के लिए पुलिस को पार्किंग से लेकर खिलाड़ियों की सुरक्षा तक की कई व्यवस्थाएं देखनी होती है लेकिन अभी तक उन्हें कोई खबर नहीं दी गई है।
आपको बतादें कि राजधानी के रायपुर स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 21 सितंबर से रोड सेफ्टी सीरीज के आयोजन की बात भी कही है। इसमें मास्टर ब्लास्टर भारत रत्न सचिन तेंदुलकर, वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज ब्रायन लारा जैसे बड़े दिग्गज हिस्सा ले रहे हैं। मैचों के लिए टिकट के रेट भी तय कर बिक्री शुरू कर दी गई, लेकिन इतने बड़े आयोजन की पुलिस-प्रशासन को कोई खबर नहीं। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर का कहना है कि मैच के दौरान पार्किंग की व्यवस्था भी होती है। खिलाड़ियों की सुरक्षा का इंतजाम भी करना पड़ता है।
डीएम को भी सूचना नहीं –
इस कार्यक्रम की अभी तक किसी भी अधिकारी को कोई सूचना नहीं दी गई है और जिला क्रीड़ा अधिकारी तक को अवगत नहीं कराया गया है। ऐसे आयोजनों की महीनों पहले अनुमति भी लेनी पड़ती है। मैच के दौरान भारी भीड़ रहती है। वहां की सारी जिम्मेदारी प्रशासन और पुलिस को ही करनी होती है। वहीं, डीएम सोनिका ने भी इस संबंध में किसी भी जानकारी होने से साफ़ इंकार किया है।इस कार्यक्रम का इवेंट मैनेजर आज देहरादून आएगा और पुलिस व जिला प्रशासन को अवगत कराएगा।

