शाजापुर : अधिकतर राज्यों से होते हुए कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा राघौगढ़ से चलकर शाजापुर पहुंच गई है। यहां उन्होंने रोड शो किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाने साधे। उन्होंने कहा कि मोदी जी चाहते हैं कि आप मोबाइल देखो। जय श्री राम बोलो और भूखे मर जाओ। राहुल ने ये भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जातिवाद और धर्मवाद को बढ़ावा दे रहे हैं और आपस में लड़ाई करा रहे हैं।
राहुल गाँधी का पीएम मोदी पर आरोप, क्या बोले कांग्रेस नेता ?
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा सुबह 11 बजे शाजापुर जिला मुख्यालय पहुंची। राहुल गांधी के रोड शो के दौरान जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने अपने कार्यकर्ताओं का ही अभिवादन स्वीकार नहीं किया। इस दौरान कई घंटे पहले ही प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से शहरी हाईवे पर लोगों की आवाजाही बंद कर दी थी। इससे राहगीरों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर पुलिस से बहस भी हुई। राहुल गांधी का स्वागत करने का प्रयास किया लेकिन उन्हें भी रोक दिया गया।