पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिद्धू ने फिर से विवादित बयानबाजी की है। करतारपुर कॉरिडोर से गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन करने पाकिस्तान पहुंचे थे सिद्धू ,जहाँ उन्होंने पाक के प्रधानमंत्री इमरान खान को अपना बड़ा भाई बता दिया है। इससे पहले भी सिद्धू जब पाकिस्तान गए थे तो करतारपुर कॉरिडोर खोलने के मुद्दे पर पाकिस्तानी सेना के जनरल बाजवा से गले मिले थे। इसके बाद उनका कड़ा विरोध हुआ था।
ऐसे में उनके आज के दौरे पर सभी की नजरें टिकी थी। सिद्धू के साथ पाकिस्तान दौरे पर आज कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, मंत्री परगट सिंह, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, कार्यकारी प्रधान कुलजीत नागरा, पवन गोयल भी गए हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी प्रदेश प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू को अपने साथ 18 नवंबर को ही श्री करतारपुर साहिब दर्शन के लिए ले जाना चाहते थे लेकिन सिद्धू अपने समर्थक गुट के साथ जाने के इच्छुक थे। सिद्धू ने पंजाब सरकार ने केंद्रीय विदेश मंत्रालय को 18, 19 व 20 नवंबर के लिए जिन मंत्रियों व नेताओं की सूची भेजी, उनमें नवजोत सिद्धू का नाम तीसरी सूची में छठे स्थान पर दिया था, जिसके चलते विदेश मंत्रालय ने उन्हें 20 नवंबर को करतारपुर जाने की अनुमति दी है।

