ऋषिकेश: केदारनाथ मार्ग में घायल हुए उड़ीसा के तीर्थयात्री की स्थिति काफी गंभीर हो गई है। घायल मरीज़ को एयर एम्बुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश लाया गया है,जिसके उपचार के लिए अस्पताल की ट्रॉमा इमरजेंसी में भर्ती किया गया है। यात्री के सिर पर गंभीर चोटें हैं और उसे वेन्टिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
आपको बतादें कि केदारनाथ से घायल यात्री को आज बृहस्पतिवार दोपहर के समय हेलीकॉप्टर द्वारा सोनप्रयाग ( रूद्रप्रयाग ) से एम्स ऋषिकेश लाया गया था। झारसुगुडा, उड़िशा निवासी 61 वर्षीय तीर्थयात्री पंचानन बराई के उपचार के बारे में जानकारी देते हुए एम्स के जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल ने बताया कि पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण यात्री के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, उनके सिर पर गहरे जख्म हैं। यात्री के सिर से खून ज्यादा बह जाने के कारण वह बेहोशी की अवस्था में है। नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें वेन्टिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। उन्होंने बताया कि ट्रॉमा विभाग के चिकित्सकों द्वारा घायल यात्री का उपचार किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि गौरीकुण्ड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर बृहस्पतिवार को पूर्वाह्न लगभग 10 बजे यह घटना उस दौरान हुई जब यह तीर्थयात्री अपनी पत्नी के साथ केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए गौरीकुंड से घोड़ा पड़ाव की ओर जा रहा था।
केदारनाथ मार्ग में घायल श्रद्धालु को ऋषिकेश एम्स में लाइफ़सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया,हालत गंभीर

