ग्रे० नोएडा : तेज़ रफ़्तार कार ने तीन छात्राओं को मारी टक्कर,एक की हालत गंभीर

नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में भी दो दिन पहले हुए कंझावला केस की तरह ही कार सवार युवकों ने तीन छात्राओं को गाड़ी से टक्कर मार दी। इस टक्कर में एक छात्रा स्वीटी गंभीर रूप से घायल हो गई है। जिसके बाद उसे तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज़ कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि चोट के कारण वह कोमा में चली गई। और अभी उसे आईसीयू में रखा गया है। घायल छात्रा का नाम स्वीटी कुमारी बताया जा रहा है। वह बीटेक फाइनल ईयर की स्टूडेंट है। आस-पास मौज़ूद लोगों ने बताया कि कार सवार युवक टक्कर मारने के बाद फरार हो गए। नोएडा के बीटा-2 थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कार सवारों की तलाशी शुरू कर दी है।
बताया गया है कि अल्फा-2 बस स्टैंड से स्वीटी कुमारी डेल्टा की तरफ आ रही थी। उसके साथ कॉलेज की दो अन्य छात्राएं भी मौजूद थीं। इसी दौरान एक वाहन अनियंत्रित होकर छात्रों की तरफ आया और तीनों छात्राओं को टक्कर मार दी। इसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए कैलाश हॉस्पिटल भर्ती कराया गया।दुर्घटना में स्वीटी कुमारी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। वह अभी गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती है। वह ग्रेटर नोएडा के डेल्टा-1 इलाके में रहती है। कॉलेज के छात्रों ने स्वीटी के इलाज में असमर्थता की बात जताई है। उन्होंने कहा है कि हम लोग पैसा जमा कर रहे हैं, क्योंकि उसके परिवार वाले पैसा जमा करने में असमर्थ हैं।