पद्म श्री जितेन्द्र सिंह शंटी आज आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं। दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। जितेंद्र सिंह शंटी साल 2013 में भाजपा से विधायक रह चुके हैं। राम निवास गोयल के इस्तीफे के बाद उन्हें शाहदरा से टिकट मिलना तय माना गया है।
अरविंद केजरीवाल ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व भाजपा विधायक जितेन्द्र सिंह शंटी का आम आदमी पार्टी में शामिल होने का एलान किया। केजरीवाल ने कहा कि जितेंद्र को ‘एम्बुलेंस मैन’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने 70,000 से अधिक शवों का सम्मानजनक तरीके से अंतिम संस्कार कराया है। कोविड काल के दौरान जब लोग अपने परिवार के सदस्यों के शव लेने में हिचकिचा रहे थे, तब उन्होंने शव स्वीकार किए और अंतिम संस्कार किया। यहां तक कि जब उनका परिवार भी कोरोना से संक्रमित हुआ, तब भी उन्होंने अपना मिशन जारी रखा। इसके लिए उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया। केजरीवाल ने कहा, ‘रामनिवास गोयल जी का चुनावी राजनीति से अलग होने का निर्णय हम सभी के लिए एक भावुक क्षण है। उनके मार्गदर्शन ने वर्षों तक हमें सदन के अंदर और बाहर सही दिशा दिखाई है।