मेजा विधानसभा सीट से 2017 में भाजपा विधायक रहीं नीलम करवरिया का देर रात करीब एक बजे निधन हो गया है। वह काफी दिनों से बीमार थीं। उन्हें लिवर सिरोसिस था। हैदराबाद के निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। कुछ दिनों पहले उनकी हालत गंभीर हो गई थी। बृहस्पतिवार को उन्हें वेंटिलेटर पर रख दिया गया था, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। देर रात अस्पताल में ही उन्होंने अंतिम सांस ली। निधन की सूचना पर बड़ी संख्या में उनके समर्थक उनके आवास पर पंहुचने लगे। उनकी दो बेटियां समृद्धि व साक्षी करवरिया और एक बेटा सक्षम हैं। पूर्व विधायक के प्रतिनिधि जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि हैदराबाद से बाबतपुर बनारस एयरपोर्ट पर 12.30 बजे तक परिजन शव को लेकर पहुंचेंगे।
भाजपा पूर्व विधायक का निधन, देर रात ली अंतिम सांस
