आज उत्तराखंड में फिर से बारिश के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी कड़ी में प्रदेश के नैनीताल, चमोली और बागेश्वर जिले में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इसी के साथ शासन, जिला प्रशासन के साथ ही आपदा प्रबंधन से जुड़े अफसरों को 24 घंटे के लिए सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया है कि आने वाले 24 घंटे के भीतर नैनीताल, चमोली और बागेश्वर जिले में नदियों, नालों के किनारे बसे लोगों के साथ ही भूस्खलन की आशंका है।
साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की बात कही गई है, मसूरी में पिछले कुछ समय से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण ठंडक बढ़ गई है। वहीं क्षेत्र में पर्यटकों की कमी के कारण सन्नाटा पसरने लगा है। शुक्रवार सुबह भी क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई। जिससे ठंड बढ़ने के साथ ही हर तरफ कोहरा छा गया। जिससे वाहनों की रफ्तार भी धीमी पढ़ गई। होटल मैनेजर अरविंद सेमवाल ने बताया कि बारिश के कारण शहर में पर्यटकों की संख्या में भारी कमी आई है।

