DU: स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया दो अगस्त से

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) दो अगस्त से स्नातक पाठ्यक्रमों में 65 हजार सीटों पर प्रवेश की खातिर पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करेगा और पहली कट-ऑफ सूची की घोषणा सात से दस सितंबर के बीच हो सकती है।

स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में 20 हजार सीटों पर प्रवेश के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 26 जुलाई से शुरू होगी। स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए पंजीकरण की अंतिम तारीख 21 अगस्त और स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए 31 अगस्त है।

एम.फिल और पीएचडी के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 26 जुलाई से शुरू होगी और अंतिम तारीख 21 अगस्त होगी। खेल कोटा में नामांकन पिछले वर्ष की तरह प्रमाण पत्रों के आधार पर होगा।

विश्वविद्यालय ने तय किया है कि योग्यता आधारित और प्रवेश परीक्षा आधारित पंजीकरण शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। शैक्षणिक सत्र अक्टूबर के दूसरे हफ्ते तक शुरू हो जाएगा।

प्रक्रिया

सभी विभाग और कॉलेज एक ही पंजीकरण सह आवेदन फॉर्म का इस्तेमाल नामांकन के लिए करेंगे और उम्मीदवारों को कोई दूसरा फॉर्म नहीं भरना होगा। स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए उम्मीदवारों को एक पंजीकरण फॉर्म भरना होगा लेकिन एक से अधिक पाठ्यक्रम का चुनाव करने पर उन्हें अलग-अलग पंजीकरण शुल्क का भुगतान करना होगा। 

एम. फिल या पीएचडी के लिए आवेदन करने वाले सभी उम्मीदवारों को साझा पंजीकरण फॉर्म भरना होगा। किसी भी हालत में पंजीकरण शुल्क वापस नहीं किया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों के सहयोग के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय वेबिनार का भी आयोजन करेगा।

पोर्टल बनेगा

नामांकन प्रक्रिया बाधारहित बनाने के लिए जल्द ही केवल नामांकन के लिए पोर्टल शुरू किया जाएगा। इससे छात्रों को फॉर्म भरने, शुल्क भुगतान करने और सभी ब्योरे की जांच करने में सहूलियत होगी। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी।

अब नौ के बजाय 13 पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए होगी परीक्षा

इस साल यानी शैक्षणिक सत्र 2021-22 से दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के 13 पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए परीक्षा होगी। पहले ऐसे पाठ्यक्रमों की संख्या नौ थी जिनमें प्रवेश के लिए परीक्षा देनी पड़ती थी।

चार नए पाठ्यक्रम जिनके लिए परीक्षा देनी होगी

बैचलर इन फिजियोथेरैपी

बैचलर इन ऑक्श्यूपेशनल थेरैपी

बैचलर ऑफ प्रोस्थेटिक्स एंड ऑर्थाेटिक्स 

मास्टर्स ऑफ फिजियोथेरैपी 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *