रायबरेली से कांग्रेस को बड़ा झटका,विधायक अदिति सिंह ने थामा भाजपा का दामन

रायबरेली : उत्‍तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेजी से बढ़ रही है। चुनाव से रोज़ाना नेताओं के दल बदलने का सिलसिला ज़ारी है। कल मुलायम सिंह यादव की छोटी बहु अपर्णा यादव के भाजपा में शामिल होने के बाद आज कांग्रेस के गढ़ रायबरेली में पार्टी को बड़ा झटका लगा है। यहां से कांग्रेस की विधायक अदिति सिंह ने कांग्रेस की सदस्य्ता और विधायक पद से इस्तीफ़ा देकर भाजपा की सदस्य्ता ग्रहण की है।
अदिति सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर अपना इस्तीफ़ा भेजा है। और इस पत्र में उन्होंने लिखा है कि मैं आपको अवगत कराना चाहती हूं कि मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हूं। कृपया मेरे इस्तीफ़े को स्वीकार करने का कष्ट करें। इस्तीफ़ा देने के बाद अदिति सिंह ने भाजपा का दामन थाम लिया है।बता दें कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में अदिति सिंह एक बड़ा चेहरा हैं, अदिति सिंह बाहुबली विधायक रहे अखिलेश सिंह की बेटी हैं। और अदिति सिंह के पति अंगद सिंह पंजाब के नवां शहर से कांग्रेस के विधायक हैं।
राजनैतिक रसूख की बात करें तो पिछले विधानसभा चुनाव में अदिति सिंह रायबरेली सदर सीट से कांग्रेस के टिकट पर 90 हजार से ज्यादा वोटों से चुनाव जीती थी।अदिति सिंह महज़ 29 साल की उम्र विधायक बनी थीं। उनके पिता अखिलेश सिंह पांच बार विधायक रहेहैं।वर्ष 2017 में मोदी लहर के बावजूद अदिति सिंह अपने दम पर चुनाव जीतने में सफल हुई थीं।