बजट-2022 :आयकर रिटर्न भरने वालों को मिलेगा एक और मौक़ा

नई दिल्ली : इस बार के आम बजट में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में वैसे तो इन्कम टैक्स देने वाले आम नौकरीपेशा लोगों को कुछ नहीं दिया, लेकिन इन्कम टैक्स रिटर्न में किसी भी गड़बड़ी या भूल-चूक में सुधार करने का एक और मौका देने का ऐलान किया है।वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को संसद में पेश केंद्रीय बजट में टैक्स देने वालों की तारीफ की। और साथ ही कहा इनकम टैक्स में अगर कुछ गलती हो गई है, तो लोग अब उसमें सुधार कर पाएंगे। वित्त मंत्री ने कहा है कि इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने के दो साल के भीतर लोगों को इस भूल-चूक में सुधार करने का मौका दिया जायेगा।लोग अपडेटेड इन्कम टैक्स रिटर्न दो साल के अंदर फाइल कर सकेंगे।
वित्त मंत्री ने आयकर का भुगतान करने वालों को कोई बड़ी राहत नहीं दी है। न तो स्टैंडर्ड डिडक्शन की लिमिट बढ़ाई गई है, न ही टैक्स स्लैब में कोई बदलाव किया गया है। हालांकि, टैक्स पेयर्स की तारीफ वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में जरूर की है।इस बजट से नौकरीपेशा लोगों को उम्मीद थी कि वित्त मंत्री इनकम टैक्स में छूट की सीमा 2.5 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर देंगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
इनकम टैक्स स्लैब में लंबे अरसे से कोई बदलाव नहीं हुआ है। तत्कालीन केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने टैक्स फ्री इनकम टैक्स लिमिटे को 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये की थी। इसके बाद से टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कोरोना संकट से उबरने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि नौकरीपेशा लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।