देहरादून : भाजपा प्रदेश की पांच लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों का एलान जल्दी कर सकती है। आज गुरूवार को नई दिल्ली में पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक होनी है, जिसमें भेजे गए नामों के पैनल पर विचार किया जाएगा। इससे पहले बुधवार की शाम केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश नेतृत्व से फीडबैक लेगा। इस बैठक के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार दिल्ली पहुंचे हैं। खबर है कि बीती मंगलवार को प्रदेश चुनाव अभियान समिति की बैठक में पार्टी ने पांचों सीटों पर टिकट के दावेदारों के नामों पर विचार-विमर्श हुआ था। जिसके बाद 55 नाम पैनल में शामिल हुए थे। पार्टी ने पैनल में कम से कम पांच और अधिकतम नौ नाम शामिल होने की जानकारी दी। लेकिन सूत्रों का कहना है कि प्रत्येक सीट पर अधिकतम तीन नामों का पैनल भेजा है। बताया गया है कि भाजपा प्रत्याशियों की जो पहली सूची जारी करने वाली है जिसमें उत्तराखंड की पांचों सीटों के प्रत्याशियों के नाम हो होंगे और पहले चरण चुनाव वाले राज्यों में उत्तराखंड शामिल है। आज बृहस्पतिवार को केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक में उत्तराखंड से भेजे गए नामों के पैनल पर विचार विमर्श होगा।
बतादें कि इसमें हरिद्वार पौड़ी और टिहरी लोकसभा सीट पर दावेदारी को लेकर ज्यादा तनातनी है। पौड़ी गढ़वाल लोस सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत सांसद हैं। इस सीट पर सांसद व केंद्रीय राजनीति में तगड़ा रसूख रखने वाले राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी के नाम सामने आ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का नाम भी इस सीट के दावेदारों में शामिल है।उधर स्पीकर ऋतु खंडूड़ी भूषण व दीप्ति रावत , कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, के नाम आये हैं। हरिद्वार सीट से पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक सांसद हैं और इस बार भी टिकट को लेकर आश्वस्त हैं। लेकिन उनकी सीट से पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायक मदन कौशिक, स्वामी यतीश्वरानंद, संजय गुप्ता समेत कई अन्य नेताओं की दावेदारी सामने आई है।आपको बतादें इन नामों के अलावा टिहरी लोस सीट पर सांसद महारानी राज्यलक्ष्मी शाह भी अपनी उम्मीदवारी को लेकर बेशक आश्वस्त हों, लेकिन उनकी सीट पर भी कई महिला दावेदारों का हाथ टिका नज़र आ रहा है। सोना सजवाण, नेहा जोशी के अलावा कई और नाम दावेदारों में शामिल हैं। ऊधमसिंह नगर-नैनीताल लोस सीट पर सांसद अजय भट्ट भी टिकट को अपने टिकट को लेकर आश्वस्त दिख रहे हैं। मगर यहां भी कई दिग्गज नेताओं ने टिकट के लिए दावा ठोका है। अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ लोकसभा सीट पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य समेत कई नेताओं के नाम चर्चा में बने हुए हैं।

