गोरखपुर : यूपी में अगले साल विधानसभा चुनावों को लेकर सभी दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव पूर्वांचल के बाहुबली नेता हरिशंकर तिवारी के परिवार वालों को सपा में शामिल कराएंगे। बता दें कि हरिशंकर तिवारी परिवार का गोरखपुर में अच्छा खासा वर्चस्व है और वहीं गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी गढ़ माना जाता है। अखिलेश यादव लगातार बसपा के क्षेत्रिय नेताओं को जोड़ रहे हैं. पिछले दिनों अंबेडकरनगर के राम अचल राजभर और लालजी वर्मा को पार्टी में शामिल कराया. वहीं कांग्रेस के कद्दावर नेता हरेंद्र मलिक को भी सपा में शामिल कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अखिलेश यादव आज लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में आज हरिशंकर तिवारी के बेटे भीष्म शंकर तिवारी, विनय शंकर तिवारी और भांजे गणेश शंकर पांडेय को पार्टी की सदस्य्ता की शपथ दिलाएंगे। यह तीनों नेता अभी तक बहुजन समाज पार्टी में थे लेकिन मायावती ने पिछले दिनों ही तीनों को पार्टी से बर्ख़ास्त कर दिया था। हरिशंकर के बेटे विनय शंकर तिवारी चिल्लूपार सीट से विधायक हैं। हरिशंकर तिवारी बारें में बता दें कि उन्हें पूर्वांचल का बाहुबली नेता माना जाता है , और वह यूपी सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। तिवारी परिवार का गोरखपुर और उसके आसपास के जिले की सीटों पर काफी दबदबा है। पूर्वांचल की 14 विधानसभा सीटें ऐसी हैं जहां अखिलेश यादव सीएम योगी को उनके घर में ही घेरने की तैयारी कर रहे हैं।

