उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते मौसम विभाग ने अलर्ट किया है और अधिकतर जिलों में बारिश के आसार अभी भी बने हुए हैं। अभी सभी जगह मौसम क्लियर हो गया है। कुछ जगहों पर बादल है,लेकिन प्रदेश में मानसून की दस्तक देने के साथ ही कई सड़कों का हाल बेहाल है। जिस कारण लोगों के लिए आवाजाही में दिक्कत है।
आपको बतादें कि ऋषिकेश बदरीनाथ हाईवे सिरोहबगड़ में भूस्खलन के कारण बीते 30 घंटे से अधिक समय से अवरुद्ध है। बारिश के कारण हुए भूस्खलन से हाईवे गुरुवार को बंद हो गया था। प्रशासन ने खांकरा-दैजीमांडा-छांतीखाल-डुंगरीपंथ व खांकरा-कांडई-खेड़ाखाल-खिर्सू मोटर मार्ग पर यातायात को दूसरे रास्ते पर मोड़ा गया है।
बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लामबगड़ के पास खचड़ा नाले में हाईवे सुचारू होने के बाद करीब 800 तीर्थयात्रियों को बद्रीनाथ धाम के लिए रवाना किया गया जबकि बदरीनाथ धाम से 300 तीर्थ यात्रियों को अपने गंतव्य के लिए रवाना किया गया। चमोली जनपद में अभी बारिश थमी हुई है। दुमौलिया, रोलाताली, घटखोला,गरुडिया,थोड़ा,सुयालथौड,आदि विभिन्न तोकों के 700 से 800 ग्रामीण पिछले तीन दिनों से एक दूसरे के सहारे गाड़ से जान जोखिम में रखकर आवाजाही कर रहे है।

