जम्मू : अमरनाथ गुफा के नजदीक फटे बादल के बाद करीब 16 यात्रियों की मौत होने की बात कही गई है जिसके बाद तमाम एजेंसियां जांच में जुटी हुईं हैं ,बताया जा रहा है कि इस हादसे में करीब 40 लोग लापता और 50 से अधिक घायल हुए हैं। सेना, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ समेत आपदा प्रबंधन से जुड़ीं कई टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं।अमरनाथ हादसे में जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति के लिए जम्मू में हवन किया गया। लोगों ने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना भी की। इसके अलावा कई संगठनों ने मृतकों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की है। अमरनाथ हादसे में जान गंवाने वाले 16 लोगों में से पांच की पहचान हो चुकी है। इसमें तीन राजस्थान और दो दिल्ली के रहने वाले हैं। इस बीच चिनार कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एडीएस औजला भी प्रभावित इलाके में पहुंचकर राहत और बचाव अभियान का जायजा ले रहे हैं। मौके पर सेना का एमआई 17 हेलिकॉप्टर से लगा है। पुलिस के अनुसार तमाम एजेंसियां रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। घायलों को एयरलिफ्ट किया जा रहा है। एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने बताया कि रेस्क्यू दल ने अभी तक 16 शव निकाल लिए हैं।
Amarnath Cloudburst : 16 श्रद्धालुओं के शव मिले,यात्रा स्थगित

