इस्लामाबाद: पाकिस्तान के गृह मंत्री शेख राशिद ने कहा कि प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव से पैदा हुए मौजूदा राजनीतिक संकट को खत्म करने के लिए देश में जल्द चुनाव कराये जा सकते हैं। इस्लामाबाद में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने पार्टी के बागियों को चेतावनी दी कि पाला बदलना उनके लिए ठीक नहीं होगा. उल्लेखनीय है कि आठ मार्च को विपक्षी पार्टियों द्वारा नेशनल असेंबली के सचिवालय में खान सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया गया था, जिसके बाद से देश में राजनीतिक अस्थिरता का माहौल है।
विपक्षी पार्टियों ने आरोप लगाया है कि खान नीत पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ की सरकार देश में आर्थिक संकट और बढ़ती महंगाई के लिए जिम्मेदार है। खान गठबंधन सरकार चला रहे हैं और अगर कोई साझेदार समर्थन वापस लेने का फैसला करता है, तो उन्हें हटाया जा सकता है।प्रधानमंत्री उस समय संकट में घिर गये, जब उनकी सहयोगी पार्टियों के 23 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव के दौरान उन्हें समर्थन देने का स्पष्ट संकेत देने से मना कर दिया. अविश्वास प्रस्ताव पर इसी महीने चर्चा होनी है। खान की दिक्कतें उस समय और बढ़ गई, जब उनकी ही पार्टी के करीब दो दर्जन सदस्यों ने बगावती रुख अपना लिया।

