नई दिल्ली : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा का परिणाम आज यानी 16 फरवरी, 2022 को जारी करने की संभावना है। वैसे कल भी इसके ज़ारी होने की संभावना जताई जा रही थी। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार सीबीएसई सीटीईटी की आधिकारिक वेबसाइट ctet.nic पर अपना परिणाम देख सकते हैं । सीबीएसई ने 20 लाख से अधिक उम्मीदवारों वाले सेंट्रल टीचर इलिजिबिलिटी टेस्ट परीक्षा का आयोजन 16 दिसंबर 2021 से 21 जनवरी 2022 के बीच विभिन्न निर्धारित तिथि पर कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए किया था. परीक्षा के आयोजन के बाद बोर्ड द्वारा परीक्षा ‘आंसर की’ जारी करते हुए उम्मीदवारों से उनकी आपत्तियों को 4 फरवरी 2022 तक आमंत्रित किए गए थे. इन आपत्तियों की समीक्षा के बाद सीबीएसई द्वारा अब सीटीईटी रिजल्ट 2021 और फाइनल ‘आंसर की’ जारी किए जाने हैं।
सीटीईटी 2021 को पूरे भारत में 16 दिसंबर से 21 जनवरी के मध्य ऑनलाइन मोड में आयोजित किया गया था। 16 दिसंबर, 2021 की सीटीईटी दूसरी पाली और 17 दिसंबर की परीक्षा की दोनों पाली 17 जनवरी और 21 जनवरी, 2022 को बोर्ड द्वारा स्थगित कर आयोजित की गई। इनका परिणाम 16 फरवरी 2022 को घोषित हो सकता है। इससे जुड़ी अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें।

