चंडीगढ़ : पंजाब के पूर्व सीएम और शिरोमणी अकाली दल के नेता प्रकाश सिंह बादल की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। जिसके बाद उन्हें पंजाब के मुक्तसर से चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया है। पहले बताया जा रहा था कि उन्हें सिर्फ रुटीन चेकअप के लिए ले जाया जा रहा है लेकिन बाद में उनकी तबीयत ज़्यादा खराब होने की पुष्टि की गई। बता दें कि 94 वर्ष की आयु में भी वे अपनी दिनचर्या और खानपान का विशेष ध्यान रखते हैं,और खाने में अधिकतर दाल और रोटी पसंद करते हैं ,साथ ही नियमित व्यायाम भी उनकी दिनचर्या का अहम हिस्सा है। वहीं इस उम्र में भी प्रकाश सिंह बादल राजनीतिक तौर पर एक्टिव रहते हैं। इस बार भी प्रकाश सिंह बादल अपनी पारंपरिक सीट लांबी से चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें कि प्रकाश सिंह बादल चुनाव लड़ने वाले देश के सबसे उम्रदराज उम्मीदवार हैं।
कुछ महीनों पहले प्रकाश सिंह बादल कोरोना से भी संक्रमित भी हुए थे। लेकिन उन्होंने कोरोना को भी मात दी थी और कुछ दिनों बाद उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आ गई थी। लेकिन कोरोना से ठीक होने के बाद उन्हें कमजोरी महसूस हो रही थी।उनके परिवार वालों ने बताया कि कल रात से ही उनकी तबीयत खराब हो रही थी।और सुबह उन्हें सांस लेने में भी तकलीफ हो रही थी। जिसके बाद उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। उनकी तबियत ख़राब होने की जानकारी मिलने के बाद हालचाल जानने के लिए पार्टी के कई नेता चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं।

