हिमाचल में बर्फ़बारी से सड़के बंद,477 बिजली ट्रांसफार्मर ठप

इस बार ठंडक चरम पर है, जिसमें कमी आने की जगह बढ़ोतरी दिन पर दिन जारी है। मैदानी और पहाड़ी सभी इलाकों में हलकी बारिश बनीं हुई है। लेकिन हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। रात से बर्फबारी व निचले भागों में बारिश हो रही है। प्रदेश के लाहौल-स्पीति, कुल्लू ,किन्नौर, शिमला, सोलन, मंडी, सिरमौर, चंबा व कांगड़ा जिले के ऊंचाई वाले भागों में बर्फबारी का दौर जारी है। शिमला, कुफरी, नारकंडा, चायल ने भी बर्फबारी हो रही है। जलोड़ी दर्रा से लेकर रोहतांग दर्रा, बारालाचा, कुंजुम दर्रा, सोलंगनाला, अटल टनल के साउथ व नोर्थ पोर्टल, मनाली सहित पूरी लाहौल घाटी में एक से तीन फीट तक बर्फबारी हुई है। 

लाहौल और पांगी-किलाड़ का कुल्लू-मनाली से संपर्क कट गया है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र की ओर से गुरुवार सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य में तीन एनएच व एक स्टेट हाईवे समेत 259 सड़कें यातायात के लिए ठप हैं। शाम तक बंद सड़कों की संख्या और बढ़ेगी। इसके साथ ही 477 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हैं। वहीं, 37 पेयजल योजनाएं भी बाधित हैं। बसों की आवाजाही ठप होने से लोग पैदल ही अपने गंतव्य तक पहुंचे। पुराना बस अड्डा पर लोग बसों का इंतजार करते रहे। शहर के सर्कुलर रोड पर बर्फबारी से जाम लग गया। शिकारी देवी, कमरुनाग समेत आसपास की ऊंची पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हुई है। बर्फबारी व बारिश से किसानों-बागवानों के चेहरे खिल उठे हैं। कल्पा -2.0, केलांग -4.8, सुंदरनगर 6.5, भुंतर 5.2, धर्मशाला 5.4, ऊना 7.4, नाहन 8.1, पालमपुर 5.0, सोलन 3.7, मनाली 0.2, कांगड़ा 8.6, मंडी 8.4, बिलासपुर 5.0, हमीरपुर 6.8, चंबा 7.3, डलहौजी -1.3, कुफरी -2.0, जुब्बड़हट्टी 4.4 और पांवटा साहिब में 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *