तस्लीम अंसारी
योगगुरु स्वामी रामदेव से एक निजी न्यूज़ चैनल की डिबेट के दौरान अभद्रता का आरोप लगाते हुए हरिद्वार के एक थाने में तहरीर दी गयी है। अधिवक्ता अरुण भदोरिया ने कनखल थाने में दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा कि पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के द्वारा आयुर्वेदिक व योग को लेकर देश विदेश में अलख जगाई गयी है। उन्होंने कहा कि मेरे सहित कई लोगों की भावनाएं स्वामी रामदेव के साथ जुड़ी है।
अधिवक्ता ने कहा की उन्होंने 24 मई 2021 को आज तक न्यूज़ चैनल के यूट्यूब अकाउंट पर स्वामी रामदेव व डॉ जेएस एम लेले व डॉ राजन शर्मा के मध्य एक डिबेट देखी जिसकी एंकर अंजना ओम कश्यप थी। उन्होंने कहा कि इस डिबेट में आईएमए के महासचिव डॉ जयेश एम लेले ने स्वामी रामदेव से अभद्रता की। साथ ही दूसरे पेनलिस्ट डॉ राजन शर्मा ने भी रामदेव से अनुचित व्यवहार किया। डिबेट के दौरान एंकर को दोनो डॉक्टरों को चुप कराना पड़ा।
शिकायतकर्ता ने तहरीर में कहा की डॉक्टर के द्वारा अभद्रता के कारण हमारी सभी की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कनखल पुलिस से दोनो डॉक्टरों के ख़िलाफ़ रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही करने की माँग की है। भदौरिया ने बताया कि यदि पुलिस उनकी शिकायत दर्ज नहीं करती है तो वो न्यायालय का रुख़ करेंगे।

