तस्लीम आंसारी की रिपोर्ट
भाजपा के कनखल मंडल अध्यक्ष से भूमि बेचने के नाम पर दो भाइयों ने ठगी Fraud कर दी। इतना ही नहीं पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने उक्त मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कनखल के इंदू एन्क्लेव निवासी मयंक गुप्ता पुत्र आदेश गुप्ता भाजपा के मंडल अध्यक्ष हैं। जबकि उनकी पत्नी क्षेत्र की पार्षद हैं।
मयंक ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 17 मार्च 2015 को नूरपुर पंजनहेड़ी निवासी सुभाष चंद्र तथा उनके दो बेटों अंकित व मनीष से जमीन का सौदा किया था।
इसके तहत उन्होंने करीब नौ बीघा जमीन खरीदने के लिए सौदा 14 लाख रुपये में तय किया था।
भाजपा नेता ने जमीन के लिए एक लाख रुपये एडवांस दे दिए थे तथा दो साल बाद शेष 13 लाख रुपये दिए जाने थे।
इस बीच सुभाष चंद्र की मौत हो गई। उनके दोनों बेटों ने जमीन का कुछ हिस्सा किसी और को बेच दिया। वर्ष 2018 में भाजपा नेता को इसकी जानकारी लगी।
उन्होंने बताया कि जमीन का एग्रीमेंट उनसे होने के कारण जमीन को बेचा नहीं जा सकता था।
आरोप है कि भाजपा नेता द्वारा अपने पैसे वापस मांगने पर दोनों भाईयों ने फोन उठाना बंद कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने अंकित और मनीष पुत्रगण सुभाषचंद्र निवासी नूरपुर पंजनहेड़ी के खिलाफ Fraud केस दर्ज कर लिया है।
इसकी पुष्टि कनखल थानाध्यक्ष शंकर सिंह बिष्ट ने की है।

