जयपुर : राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की बीते दिन मंगलवार को जयपुर में दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। इसके बाद करणी सेना ने आज बंद बुलाया है।सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या से राजस्थान में तनाव का माहौल बना हुआ है। जयपुर, जोधपुर, कोटा, बीकानेर, जैसलमेर, चूरू और उदयपुर समेत अन्य जिलों में बाजार बंद किए गए हैं। हत्यारों की गिरफ्तारी के की मांग को लेकर प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
इसके कारण जयपुर में अजमेर-हाईवे पर करीब 2 घंटे तक जाम लगाया गया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में लोगों की भीड़ ने तोड़फोड़ की है। जोधपुर रेलवे स्टेशन पर भी लोगों की भीड़ पहुंच गई और जमकर नारेबाजी की। राजस्थान में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या पर केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने बताया है कि राजस्थान में गुंडों के लिए कोई जगह नहीं है। डीजीपी उमेश मिश्रा ने गोगामेड़ी हत्याकांड की सघन जांच के लिए एसआईटी गठित की है। एडीजी क्राइम दिनेश एनएम के पर्यवेक्षण में एसआईटी गठित की गई है। भरतपुर में भी आज श्री करणी सेना की ओर से बंद का आह्वान किया गया। इसके बाद भरतपुर में बाजार बंद रहे।

