उत्तरकाशी जिले के सिलक्यारा टनल में पिछले दस दिनों से 41 मजदूर फसे हुए हैं जिन्ही बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। एयरपोर्ट पर पहली बार दिन में भारतीय वायुसेना के दो भीमकाय विमान सी 17-ग्लोबमास्टर और हरक्यूलिस ने सफलतापूर्वक लैंडिंग की है। दोनों विमानों से क्रेन की सहायता से मशीन और उपकरण उतारकर ट्रकों से उत्तरकाशी रवाना किया गया है।
उत्तरकाशी में चलाए जा रहे रेस्क्यू के लिए सी-17 ग्लोबमास्टर विमान दोपहर करीब एक बजे एयरपोर्ट पर उतरा। विमान को एयरपोर्ट टर्मिनल के सामने खड़ा कर मशीनों को नीचे उतारा गया। एक घंटे बाद दोपहर 2:10 बजे हरक्यूलिस विमान ने भी एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। सोमवार को दिन में ही दोनों विमानों ने अन्य उड़ानों के मूवमेंट के बीच लैंडिंग की। इससे कोई फ्लाइट प्रभावित नहीं हुई। एयरपोर्ट पर सभी एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है।

