केरल के एर्नाकुलम में बीते रविवार सुबह ब्लास्ट हुआ था जिसमें एक और मौत हुई है। विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हुई 12 साल की एक बच्ची का इलाज किया जा रहा था जिसकी मौत हो गई है। अब ब्लास्ट में मरने वालों की कुल संख्या तीन बताई जा रही है।
रविवार को हुए विस्फोट में एर्नाकुलम जिले के मलयट्टूर की रहने वाली लिबिना नामक 12 वर्षीय बच्ची घायल हुई थी जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई है। अस्पताल के मेडिकल बोर्ड द्वारा जारी बयान में बताया गया है कि लड़की को रविवार सुबह अस्पताल में भर्ती किया गया था। जब उसे भर्ती कराया गया था तब उसके शरीर का 95 प्रतिशत हिस्सा गंभीर रूप से जल गया था। उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा था। देर रात 12.40 बजे उसकी मृत्यु हो गई।

