दीपावली का पर्व करीब आते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। धर्मनगरी हतिद्वार के बाजार भी त्यौहारी मौसम में गुलज़ार हो गए हैं। ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने यातायात व्यवस्था लागू कर दी है।
आगामी दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस ने यातायात को सुदृढ़ बनाने हेतु तीन पार्किंग स्थलों को चिन्हित किया है जिनमें ज्वालापुर इंटर कॉलेज, ज्वालापुर स्टेशन से लेकर रेलवे फाटक तक खाली पड़ी पटरी तथा रेल चौकी के सामने खाली प्लाट में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
इस दौरान रेल चौकी से कटहरा बाजार की ओर कोई भी
ई रिक्शा, ऑटो, विक्रम, फोर व्हीलर नहीं जाने दिया जाएगा। साथ ही अत्यधिक भीड़ होने पर दुपहिया वाहनों की एंट्री भी प्रतिबंधित की जा सकती है।
इसके अलावा जटवाड़ा पुल से आने वाले रास्ते पर प्रेम नर्सिंग होम पर स्लाइडिंग बैरियर लगवा कर वाहनों को बाज़ार में प्रवेश नही करने दिया जाएगा। इसी तरह लोधा मंडी तिराहे, धीरवाली व पांवधोई की तरफ से आने वाले रास्ते पर भी स्लाइडिंग बैरियर लगाए जाएंगे।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सेक्टर 2 से रेलवे फाटक व पुलिस चौकी होते हुए दुर्गा चौक तक के मार्ग पर रिक्शा, ऑटो सहित सभी चौपहिया वाहनों के लिए वनवे यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी।

