हरिद्वार : उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में कल देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। करीब 200 साल पुराने इस पीपल के पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं कुछ अन्य लोग घायल हो गए। घटना हरिद्वार के ज्वालापुर इलाके में अंसारी मार्केट के पास हुई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने दो घायलों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीन लोगों का इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी देते हुए हरिद्वार एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि चमगदर टापू के पास यह पेड़ गिरा था। हादसे में सोनीपत के एक पर्यटक और एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया, क्योंकि कई लोग पेड़ के नीचे दबे हुए थे। इसके बाद आनन-फानन में लोगों का रेस्क्यू कर इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हरिद्वार के हरमिलाप मिशन सरकारी अस्पताल के डॉ. अनस जाहिद ने बताया कि पांच लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से दो लोगों की मौत हो गई है। और एक मरीज को ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया है।
हरिद्वार में बड़ा हादसा,2 की मौत

