विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा की 18 सितंबर को अयोध्या में होगी अहम बैठक

लखनऊ/अयोध्या : यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र भाजपा ने अभी से ही अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं , दोबारा सत्ता हांसिल करने के लिए भाजपा ने सभी जातिगत समीकरणों को भी साधना शुरु कर दिया है। इसी तैयारी में ओबीसी वोटरों को अपने पाले में करने की कोशिशें भी शुरू कर दी गई है ,क्योंकि 2017 के चुनाव जिताने में भी ओबीसी वोटरों का बहुत बड़ा हाथ रहा है और भाजपा चाहती है कि 2022 चुनाव में भी ओबीसी वोटर उसे सरकार बनाने में भूमिका निभाए। बता दें कि 2017 विधानसभा चुनाव में भाजपा को 403 सीटों में से 325 सीटों पर विजय हांसिल हुई थी ,वहीं समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगियों को 54 सीटों और मायावती की बसपा को 19 सीटों पर जीत मिली थी।

इसी की तैयारी में 18 सितम्बर को अयोध्या में भाजपा ने प्रदेश के ओबीसी मोर्चे की कार्यकारिणी की एक अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा के ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. लक्ष्मण करेंगे , और प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ भी इस बैठक में हिस्सा लेंगे। और यूपी के सभी ओबीसी सांसद और विधायक भी इस बैठक शामिल होंगे। भाजपा की इस बैठक को अहम इसलिए भी माना जा रहा है, क्योंकि भाजपा के लिए अगले लोकसभा चुनाव का रास्ता यूपी विधानसभा चुनावों से ही होकर गुजरता है।