मथुरा में अलर्ट जारी,श्रीकृष्ण जन्मभूमि-ईदगाह पर ड्रोन से निगरानी जारी 

मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान और शाही ईदगाह मस्जिद मैदान में अखिल भारत हिंदू महासभा द्वारा लड्डू गोपाल का जलाभिषेक और हनुमान चालीसा पाठ करने के एलान के मद्देनजर हर जगह कड़ी सुरक्षा की गई है। खुफिया तंत्र भी अधिक आबादी वाले मिश्रित क्षेत्रों में सक्रिय है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान और ईदगाह की तरफ वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित हो गया है। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है। आज मंगलवार सुबह से ही पुलिस चेकिंग हो रही थी और इससे पूर्व बीते दिन सोमवार को पुलिस अफसर सुरक्षा व्यवस्था का पूरा निरीक्षण करने पहुंचे। पुलिस ने पैदल मार्च  करके सुरक्षा व्यवस्था को देखा। 

सोमवार शाम डीएम पुलकित खरे और एसएसपी शैलेष कुमार पांडेय ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान-ईदगाह क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को  ठीक तरह से देखा समझा और स्थानों पर मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी की भी जांच की। सुरक्षाकर्मियों को सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने डीगगेट चौकी पर डेरा डाल दिया। यहां से शहर के हालत की जानकारी लेते रहे। सीओ सिटी अभिषेक तिवारी, एसएचओ थाना गोविंदनगर संजय कुमार पांडेय के संग आसपास के इलाके में पैदल मार्च करते दिखे।


थाना हाईवे पुलिस बजरंग सेना के पदाधिकारी नरेश सिंह को उनके आवास श्रीजी पुरम, चरण सिंह मार्केट महोली से उठाकर थाने ले आई। वहीं कोतवाली पुलिस ने अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रदेश प्रवक्ता संजय हरियाणा को रविवार की रात से घर में नजरबंद कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *