यूपी में आयुष कॉलेजों में फर्जीवाड़ा,छात्रों पर हुई कार्यवाही

लखनऊ : प्रदेश के मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए होने वाली परीक्षा में शामिल हुए बगैर आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथ कालेजों में दाखिला लेने वाले सभी 891 छात्रों पर बड़ा एक्शन लिया गया है । इन सभी छात्रों को सस्पेंड कर दिया गया है. इस सम्बन्ध में कॉलेजों में नोटिस भी चस्पा दिया है। इस मामले में योगी सरकार ने सोमवार को ही सीबीआई जांच की संस्तुति की है। वहीं कई वरिष्ठ अफसरों पर निलम्बन की गाज गिरी है। प्रदेश के आयुर्वेदिक एवं यूनानी व होम्योपैथी मेडिकल कॉलेजों में बहुत से छात्रों ने हेराफेरी कर एडमिशन लिया था। आयुष विभाग की जांच में गलत तरीके से दाखिला लेने वाले ये सभी छात्र चिन्हित किए गए हैं।

अब सभी सरकारी कॉलेजों के प्रधानाचार्य ने अपने वहां के ऐसे छात्रों को निलंबित कर दिया है, वहीं निजी कॉलेजों के छात्रों के खिलाफ निलम्बन की कार्रवाई चल रही है। लगभग 10 निजी कॉलेजों ने छात्रों को निलंबित करने की सूचना आयुष विभाग में भेज दी है जबकि अन्य की रिपोर्ट अभी पहुंचना बाकी है। इस सख्त एक्शन के बाद छात्रों के परिजन अपने बच्चों पर कार्रवाई के भय से डरे हुए हैं। लेकिन अभी छात्रों के खिलाफ किसी तरह की तरह की कार्रवाई नहीं होगी। जांच पड़ताल के बाद ही छात्रों पर उचित कार्यवाही की जाएगी।