देहरादून : उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि चारधाम यात्रा के इतिहास में पहली बार तीर्थयात्रियों की संख्या का नया रिकॉर्ड बना है। लेकिन उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अगले साल से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को सिर्फ एक बार ही यात्रा का मौका मिलेगा। इसके लिए पर्यटन मंत्री ने अधिकारियों को यात्रियों के रजिस्ट्रेशन में बदलाव करने और इसको यात्रियों के आधार से लिंक करने के भी निर्देश दिए।
सतपाल महाराज ने यह भी बताया कि हम इस यात्रा को लिम्का बुक रिकॉर्ड में दर्ज़ करना चाहते हैं और इसके लिए हमारी सरकार हर सार्थक प्रयास करेगी। शुक्रवार को पर्यटन मंत्री ने देहरादून स्थित उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद में पर्यटन विकास योजनाओं की तैयारियों को लेकर सम्बंधित अधिकारियों के साथ बैठक की और चल रहे कार्यों की समीक्षा भी की ।महाराज ने अधिकारियों से कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में साल भर पर्यटन की गतिविधियां चलती रहे, इसके लिए सरकार शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद शीतकालीन प्रवास मुखबा, यमुनोत्री के खरसाली, केदारनाथ के ऊखीमठ और बदरीनाथ जी का जोशीमठ में शीतकालीन प्रवास होता है। जो श्रद्धालु ग्रीष्मकाल में इन धामों में नहीं जा पाते हैं, वे शीतकालीन प्रवासों में दर्शन करने आ सकते हैं।
इस साल चारधाम आने वाले श्रद्धालुओं ने तोड़े सारे रिकॉर्ड : सतपाल महाराज

