मेडेन फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड के कफ सिरप के उत्पादन पर रोक:अनिल विज

हरियाणा सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए मेडेन फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड के कफ सिरप के उत्पादन पर रोक लगा दी है। बता दें, गांबिया में 66 बच्चों की मौत के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से मेडन फार्मास्युटिकल्स के चार कफ सिरप के खिलाफ मेडिकल अलर्ट जारी किया गया था। डब्ल्यूएचओ ने कहा था मेडेन फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड की ओर से दूषित और कम गुणवत्ता वाले कफ सिरप गांबिया में बच्चों की मौत के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं। जिसके बाद हरियाणा सरकार ने यह कदम उठाया।
सिरप के उत्पादन पर बैन की जानकारी देते हुए हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्य सरकार ने कफ सिरप के उत्पादन पर रोक लगा दी है। विज ने कहा कि डब्ल्यूएचओ की ओर से मेडिकल अलर्ट जारी होने के बाद सरकार ने फार्मास्युटिकल्स कंपनी के चारों कफ सिरप के सैंपल को कोलकाता जांच के लिए भेजा था। उन्होंने बताया कि अभी रिपोर्ट नहीं आई है।
मेडेन फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड के कफ सिरप के उत्पादन की केंद्र और हरियाणा राज्य के दवा विभागों की संयुक्त निरीक्षण की गई. परीक्षण में इनमें 12 खामियां पाई गईं जिसके बाद हरियाणा सरकार ने हुए निर्णय लिया कि सिरप का उत्पादन बंद करा दिया जाए। वहीं, मामले को लेकर हरियाणा दवा नियंत्रक ने कंपनी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है।