नई दिल्ली : वैश्विक बाजार में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में गिरावट के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोने और चांदी के भावों में भी गिरावट दर्ज हुई है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना 543 रुपये गिरकर 51,625 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. जबकि, इससे पिछले कारोबारी सत्र के दौरान सोना 52,168 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
अब बात चांदी की करें तो यह 2,121 रुपये की भारी गिरावट के साथ 59,725 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया है। इससे पहले, चांदी 61,846 प्रति किलोग्राम पर थी. वैश्विक बाजार में सोना गिरावट के साथ 1,683.05 डॉलर प्रति औंस, जबकि चांदी भी नुकसान के साथ 19.74 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी. एचडीएफसी सिक्योरिटीज के एक्सपर्ट की मानें तो अमेरिका के मजबूत रोजगार के आंकड़ों ने अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में आक्रामक रूप से बढ़ोतरी की आशंका को बढ़ा दिया है। इसी के मद्देनजर निवेश के रूप में सोने को कम आकर्षक बनाती हैं।
बता दें कि दिवाली के मौके पर सोने की खरीदारी को भारत में शुभ माना जाता है। ऐसे में ज्यादा से ज्यादा लोग दीवाली और धनतेरस के दिन सोना खरीदते हैं, जिसको देखते हुए पहले से ही सोना महंगा होने लगता है। ऐसे में सोने में भाव में अभी आई गिरावट के बीच इसको खरीदने का अच्छा मौका हो सकता है। हालांकि, यह भी कहा जा रहा है कि आने वाले दिनों में सोने व चांदी के दाम में और गिरावट या उछाल देखने को मिल सकता है।
सोने की कीमतों में भारी गिरावट,खरीददारों के लिए सुनहरा मौका

