अंबानी परिवार को धमकी देने वाला गिरफ़्त में

दरभंगा : भारत के दूसरे सबसे धनी उद्योगपति मुकेश अंबानी को फोन पर जान से मारने की धमकी देने वाला बिहार के दरभंगा जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। मुंबई पुलिस ने स्थानीय थाने की मदद से मनीगाछी के ब्रह्मपुरा गांव से गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान सुनील कुमार मिश्र के बेटे राकेश कुमार मिश्र के रूप में हुई है. राकेश मिश्र को मुंबई पुलिस पूछताछ कर रही है. राकेश के पिता सुनील कुमार मिश्र बिहार इंटर काउंसिल में कार्यरत हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार स्थानीय थाने की मदद से मुंबई पुलिस सादे लिबास में आरोपित राकेश मिश्र के घर पहुंची. बुधवार शाम करीब 4 बजे जब मुंबई पुलिस के जवान राकेश मिश्र के घर पहुंचे तो घर का मुख्य दरवाजा बंद था। पुलिस ने जब दरवाजे पर दस्तक दी तो राकेश मिश्र ने ही दरवाजा खोला।
इसी बीच, पुलिस ने उस नंबर पर कॉल किया, जिस नंबर से मुकेश अंबानी को जान से मारने की धमकी दी गई थी. पुलिस ने जैसे ही नंबर डायल किया, राकेश मिश्र के मोबाइल की घंटी बजने लगी। राकेश मिश्र ने जैसे ही मोबाइल पर कॉल रिसीव किया, वहां तैनात मुंबई पुलिस के जवान उसे गिरफ़्तार कर लिया। दरभंगा के एसएसपी ने गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी है।