जौनपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यानी 9 सितंबर को जौनपुर दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने 258 करोड़ की 116 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस मौके पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय से जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, ‘विकास आज की जरूरत है। यूपी में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है. राज्य आज दंगा मुक्त है।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य मैदान से मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि, प्रदेश में विकास के लिए ईमानदारी से काम हो रहा है. पूर्व की सरकार खुद के फायदे के लिए गुंडों-गुर्गों को बढ़ावा देती थी. हमने तय किया है कि कोई भी भ्रष्टाचार करेगा तो उसकी संपत्ति कुर्क कर गरीबों के विकास में लगा दी जाएगी. पहले यूपी के लोगों के साथ धोखा होता था। आज राज्य में अपराधी डरते हैं। उन्होंने कहा कि, आज जौनपुर के साथ ही पूरे प्रदेश विकास की एक नई कहानी लिख रहा है. 2017 के पहले की सरकार के भ्रष्टाचार के चलते योजनाएं धरातल पर नहीं उतर पा रही थीं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे। इसके अलावा उन्होंने ‘उत्तर प्रदेश में स्वतंत्रता संग्राम’ नामक पुस्तक का विमोचन किया. जिले में उन्होंने 258 करोड़ की 116 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
जौनपुर दौरे पर विपक्ष पर जमकर बरसे सीएम योगी

