नई दिल्ली : आज शुक्रवार सुबह से ही दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के आवास और दिल्ली-एनसीआर में 21 स्थानों पर सीबीआई का डेरा जमा हुआ है। लगातार छापेमारी जारी है।यह कार्रवाई आबकारी नीति मामले में हो रही है। सीबीआई की इस कार्रवाई का संदीप दीक्षित ने समर्थन किया है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश ने कहा है कि राजनीतिक हथकंडा बनाना बेहद निंदा की बात है। छापेमारी की सूचना के बाद उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास के बाहर एकत्रित हुए आम आदमी पार्टी के विधायकों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
आप नेता का बयान –पार्टी के नेता एवं सांसद संजय सिंह ने हो रही छापेमारी के बाद कहा है कि दिल्ली और पंजाब में जीत के बाद सीएम केजरीवाल की प्रतिष्ठा पूरे देश में बढ़ी है। ये चीज केंद्र सरकार को हजम नहीं हो रही है। दिल्ली की शिक्षा और स्वास्थ्य नीति को लेकर केंद्र सरकार और पीएम मोदी को नींद नहीं आती है। मोदी जी मैं आपको बताना चाहता हूं कि आप केजरीवाल और दिल्ली की शिक्षा व स्वास्थ्य मॉडल को रोक नहीं लगा पाएंगे।

