आज सोमवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद इसपर घटना की राजनीति भी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लोकार्पण के कुछ दिन बाद ही बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे में आईं खामियों को लेकर वर्तमान सरकार को आड़े हाथो लिया है। आज अखिलेश यादव ने कहा कि बड़े-बड़े नेता आए और बड़े-बड़े गड्ढे हो गए। साथ ही बोले कि एक्सप्रेस-वे में लूट हुई है, बल्कि डकैती हुई है और इसके लिए तो कुछ और शब्द भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
कन्नौज जिले के तिर्वा में अखिलेश यादव सपा नेता कंचन कन्नौजिया के पुत्र को श्रद्धांजलि देने गए। इस दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया और बताओ पांच-छह दिन बाद ही एक्सप्रेस-वे में गड्ढे होने लगे, दरारे आने लगीं। पूरे प्रदेश में मेडिकल कॉलेज खेाले जाने के सरकार के दावे पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए। अखिलेश ने कहा कि तिर्वा में कैंसर अस्पताल बनाया था। भाजपा की पांच साल की सरकार निकल गई, डॉक्टर नहीं तैनात हो पाए।

