देहरादून : आज आजादी का अमृत महोत्सव पूरे देश में ज़ोरो शोरो से मनाया गया। 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर सभी राज्यों में नई नई घोषणाओं के ऐलान भी हुए,वहीँ उत्तराखंड में भी आज नवनिर्वाचित सीएम पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून की पुलिस लाइन में ध्वजारोहण किया। इस कार्यक्रम में सभी प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी और सभी शहीदों को नमन किया। आज के सम्बोधन में सीएम धामी ने कई योजनाओं का ऐलान भी किया है।
आइये नज़र डालते है सीएम की घोषणाओं पर —
उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण के बाद प्रदेश के सरकारी स्कूलों के 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को निशुल्क मोबाइल टेबलेट देने की घोषणा की है। इसके अलावा दिवंगत पर्यावरणविद सुंदर लाल बहुगुणा के नाम पर सुंदर लाल बहुगुणा प्रकृति संरक्षण पुरस्कार देने की भी बात कही। इतना ही नहीं बल्कि सीएम ने आज स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ये भी ऐलान किया है कि प्रदेश में जनसंख्या नियंत्रण के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा और प्रभावी कानून भी लाए जाएंगें .उन्होंने ये भी कहा कि प्रदेश में राज्य भाषा एवं संस्कृति अकादमी की स्थापना भी सरकार द्वारा कराई जाएगी। प्रदेश में पलायन रोकने के लिए हिम प्रहरी योजना शुरू होगी। इसके अलावा पौड़ी और अल्मोड़ा को रेल लाइन से जोड़ने की कोशिश भी की जाएगी। स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर को शारीरिक शिक्षा का विश्वविद्यालय बनाने की भी बात कही। सबसे अहम् घोषणा ये कि 25 हजारों लोगों के लिए मकान बनाने की व्यवस्था भी सरकार द्वारा की जाएगी।
आपको बतादें कि सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आज स्वतंत्रता दिवस के आयोजन में पुलिस लाइन में सराहनीय सेवा से पुलिस उपाधीक्षक पिथौरागढ़ राजेंद्र सिंह रौतेला, 40 वीं वाहिनी पीएसी के भगवती प्रसाद पंत, विशिष्ट कार्य के लिए पुलिस उपाधीक्षक साइबर थाना देहरादून अंकुश मिश्रा और एसटीएफ के एसआई उमेश कुमार को पुरस्कृत कर सम्मानित भी किया। खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया, अनिरुद्ध थापा, निवेदिता और खेल प्रशिक्षक के रूप में अनूप बिष्ट को पुरस्कृत किया।

