देहरादून : केंद्र सरकार ने उत्तराखंड में पूंजीगत निवेश के लिए विशेष सहायता योजना के तहत 894 करोड़ रुपये की धनराशि दी है। धनराशि सड़कों, भवनों, अस्पतालों, मेडिकल कॉलेज, बस टर्मिनल समेत जनसुविधाओं से जुड़ी 55 परियोजनाओं पर खर्च होगी। मंजूर परियोजनाओं में से 39 नई हैं। बाकी चालू योजनाओं के लिए भी धनराशि की व्यवस्था की गई है। वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग के सहायक निदेशक अंजली मौर्य ने अपर मुख्य सचिव वित्त आनंद बर्द्धन को इस संबंध में पत्र भेजा है। राज्य सरकार ने 76 परियोजनाओं के लिए करीब 1418 करोड़ की धनराशि का प्रस्ताव भेजा था। पहले चरण में 894 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
सीएम धामी ने कही ये बात –
योजना के तहत मंजूर धनराशि को एक साल के भीतर खर्च करना होगा। राज्य के विकास में मदद मिलेगी। अब परियोजनाओं से संबंधित विभागों और कार्यदायी एजेंसियों की जिम्मेदारी है कि वे गुणवत्तापरक और समयबद्ध कार्य कराएं।

