छात्रों की भारी मांग को देखते हुए आखिरकार इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेंस के चौथे संस्करण को स्थगित कर दिया गया है।
अब यह परीक्षा 26 अगस्त से दो सितंबर के बीच होगी। इससे पहले जेईई-मेंस परीक्षा के चौथे सत्र को 27 जुलाई से दो अगस्त के बीच आयोजित करने का प्रस्ताव था।
कारण
यह फैसला इस अहम परीक्षा के बीच विद्यार्थियों को चार सप्ताह का समय देने के लिए किया गया है। दरअसल, उम्मीदवारों को अधिकतम प्रदर्शन करने में मदद के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने जेईई (मेंस) परीक्षा 2021 के दो सत्रों के बीच चार हफ्ते का अंतर रखने की सलाह दी थी।
नई तारीख
जेईई (मेंस)-2021 परीक्षा का चौथा सत्र अब 26,27, 31 अगस्त और एक व दो सितंबर को आयोजित किया जाएगा। जेईई (मेंस)-2021 परीक्षा के चौथे सत्र के लिए अबतक 7.32 लाख उम्मीदवार अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। पंजीकरण की तारीख 20 जुलाई तक बढ़ाई जाएगी।

