मुंबई : भारतीय जीवन बीमा निगम के आईपीओ का इंतजार खत्म होने वाला है. सरकार ने रविवार को एलआईसी आईपीओ के लिए बाजार नियामक सेबी के पास मसौदा दस्तावेज दाखिल किया है. इसके साथ ही एलआईसी के आईपीओ के मार्च में पूंजी बाजार में आने की उम्मीद है।
सेबी के अनुसार सरकार एलआईसी के 31 करोड़ से अधिक इक्विटी शेयर बेचेगी. निवेश और सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग के सचिव तुहिन कांता पांडेय ने ट्वीट कर कहा कि एलआईसी के आईपीओ के लिए डीआरएचपी आज सेबी के पास दाखिल कर दी गई है।
सरकार का लक्ष्य मार्च तक जीवन बीमा निगम को शेयर बाजारों में लिस्ट करना है। आईपीओ का एक हिस्सा एंकर निवेशकों के लिए आरक्षित रखा जाएगा। इसके साथ ही, एलआईसी के आईपीओ निर्गम का 10 प्रतिशत तक पॉलिसीधारकों के लिए रिजर्व होगा। चालू वित्त वर्ष के लिए सरकार के विनिवेश लक्ष्य में 78 हजार करोड़ रुपये की कमी रहने के अनुमान के बीच सरकार के लिए एलआईसी का आईपीओ महत्वपूर्ण है।
बता दें कि एलआईसी की 2020 में घरेलू बाजार में हिस्सेदारी 64.1 प्रतिशत से अधिक थी। क्रिसिल की रिपोर्ट के मुताबिक एलआईसी जीवन बीमा प्रीमियम के मामले में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी कंपनी है।

