Dehradun : गौरतलब है कि उत्तराखंड में कांग्रेस का प्रतिज्ञा पत्र जारी होने के बाद बीते दिन बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने दृष्टिपत्र नाम से अपना घोषणापत्र जारी किया था। इसमें वादे तो बहुत हुए लेकिन जो असल मुद्दे थे, जिनके लिए देवभूमि की जनता पिछले 5 सालों से सरकार को हर मोर्चे पर सामने ला रही थी। वो सारे मुद्दे इसमें से गायब है। कांग्रेस ने भी उत्तराखंड बीजेपी के घोषणापत्र पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने आज कहा कि यह बीजेपी का ‘दृष्टि पत्र’ नहीं है, ‘दृष्टि दोष पत्र’ है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि बीजेपी ने 2017 के घोषणा पत्र का मुखपृष्ठ बदलकर 2022 में इसे दृष्टि पत्र के नाम से सामने लाया था। बीजेपी के इस दृष्टि पत्र में प्रमुख मुद्दे, जैसे- रोजगार, पलायन और महंगाई नदारद हैं, उद्योगों के नाम पर प्रतिदिन सब्सिडी देना युवाओं के साथ मजाक से ज्यादा कुछ नहीं है।
इसके अलावा गौरव वल्लभ ने कहा कि बीजेपी जवाब दें केंद्र और राज्य में सरकार होते हुए बीजेपी ने अभी तक कितने मेडिकल कॉलेज खोले और स्वास्थ्य, शिक्षा, बेरोजगारी, पर्यटन, महंगाई और पलायन के मुद्दे पर अभी तक क्या काम किया। उन्होंने तीन मुफ्त गैस सिलेंडर वाली योजना को कांग्रेस की योजना की कॉपी करने की कोशिश करार दिया। कुल मिलाकर कांग्रेस ने बीजेपी के इस दृष्टि पत्र को दृष्टि दोष पत्र कहते हुए नकार दिया। उत्तराखंड में बीजेपी के दृष्टिपत्र के रूप में पेश घोषणा पत्र को लेकर विपक्ष ने कड़ा तंज कसा है। कांग्रेस ने इसे महज खानापूर्ति बताया।