मुंबई : महाराष्ट्र में कोरोना के बाद अब बर्ड फ्लू का खतरा बढ़ रहा है। महाराष्ट्र के ठाणे के एक पॉल्ट्री फार्म में 100 से ज़्यादा मुर्गियां मरी पाई गई है। इसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिसके बाद प्रशासन ने करीब 25000 से ज्यादा मुर्गियों को मारने का आदेश जारी कर दिया है।ठाणे के डीएम राजेश जे नार्वेकर ने बताया कि शाहपुर तहसील के वेहलोली गांव के एक पॉल्ट्री फार्म में 100 से ज़्यादा मुर्गियां मरी हुई पाई गईं. उन्होंने कहा कि जिले में बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए उनके नमूनों को जांच हेतु पूणे स्थित एक लैब में भेजा गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि अगले कुछ दिनों में प्रभावित पॉल्ट्री फार्म के 1 किलोमीटर के दायरे में आने वाले करीब 25,000 पक्षियों को मारा जाएगा।बता दें कि महाराष्ट्र के ठाणे में अभी कोरोना के नए मामलों के आने का सिलसिला अभी थमा नहीं है। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के 114 नए मामलें सामने आने के बाद कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7,07,688 हो गई है।वहीं जिले में कोरोना संक्रमण से 5 लोगों की मौत हो गई है। इन पांच संक्रमितों की मौत के साथ ही जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 11,860 हो गई है।

