Curfew: 8 जून के बाद इन जिलों को मिल सकती है राहत

कोरोना संक्रमण के मामले घटने के बाद कुछ जिलों को कोविड कर्फ्यू में ढील मिल सकती है। राज्य में 8 जून के बाद कम संक्रमण दर वाले जिलों को सरकार अनलॉक करने के विकल्पों पर विचार कर रही है।

विदित हो कि अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में राज्य में कोरोना संक्रमण चरम पर था। इसे रोकने के लिए पूरे राज्य में सख्त कर्फ्यू लगाया गया था। कर्फ्यू के चौथे चरण को 8 जून तक बढ़ाया गया है। अब जब राज्य में संक्रमण के आंकड़े कम हो रहे हैं तो कर्फ्यू में ढील मिलने की उम्मीद जगी है।

सूत्रों की मानें तो पहले चरण में 8 जून से ऐसे जिलों को खोलने की तैयारी है जहाँ संक्रमण दर 5 प्रतिशत से कम है।इनमें देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर जिले प्रमुख हैं। वहीं पर्वतीय जिलों में अब भी कोरोना संक्रमण की दर 10 प्रतिशत के आसपास बनी हुई है।

केंद्र सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी में भी राज्यों को सलाह दी गई थी कि अनलॉक की प्रक्रिया अपनाते वक़्त पहले उन्हीं जिलों को खोला जाए जहां यह दर पाँच प्रतिशत से ज़्यादा न हो। ऐसे में अनलॉक की प्रक्रिया में पहले मैदानी जिलों को खोले जाने की संभावना है।

हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह चरणबद्ध होगा या खोलने की प्रक्रिया बड़े पैमाने पर अपनाई जाएगी। उम्मीद जतायी जा रही है कि सरकार आने वाले दिनों में इस पर कोई अंतिम निर्णय लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *