देश की सेना के पराक्रम पर सवाल ना उठाएं राहुल गाँधी: राजनाथ सिंह

थुरा : यूपी में जैसे जैसे चुनाव नज़दीक आ रहे हैं , वैसे ही राजनैतिक पार्टियों का एक दुसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है। आज मथुरा में चुनाव प्रचार करने पहुंचे देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीख़ा हमला बोला। इसके साथ ही राजनाथ सिंह ने बीजेपी के धर्म की राजनीति नहीं करने की बात कही। वहीं पिछली समाजवादी सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि मैं देश को भरोसा दिलाता हूं कि हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। और हमारे जवान सीमा पर 24 घंटे चौकस हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि गलवान घाटी में भारत और चीन की सेना के बीच संघर्ष पर राहुल गांधी बयान दे रहे हैं। वे कह रहे हैं कि 3 से 4 चीनी जवानों की मौत हुई थी. मैं आप सभी को बताना चाहता हूं कि गलवान घाटी में 40 से 50 चीनी सैनिक मारे गए थे। इसकी पुष्टि भी हो चुकी है,और मैं भरोसा देना चाहता हूं कि देश की सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने राहुल गाँधी पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता हमारी सेना के शौर्य और पराक्रम पर सवालिया निशान लगाते हैं. इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सपा तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है. राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं की जानी चाहिए,समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए होनी चाहिए। धर्म और जाति की राजनीति भाजपा को स्वीकार नहीं है। कांग्रेस के नेता हमेशा से ही हमारी सेना के पराक्रम पर सवालिया निशान लगाते रहे हैं। और देश की जनता ये बर्दाश्त नहीं कर सकती। इसके साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के लोगों को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं भी दी।